
पोड़ी उपरोड़ा/कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खिरटी में जल जीवन मिशन के तहत संचालित नल-जल योजना की जमीनी हकीकत को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के नाम पर कई मोहल्लों में निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जबकि कुछ स्थानों पर आज तक काम शुरू ही नहीं हुआ है। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा अधूरे कार्यों के आधार पर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) लेने के लिए दबाव बनाए जाने की बात सामने आई है।ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत खिरटी के पंडराम, रहेरडुग्गु और रुनाई पहाड़ सहित अन्य मोहल्लों में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने और घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाने का कार्य प्रस्तावित है। लेकिन धरातल पर कई परिवार आज भी नियमित पेयजल सुविधा से वंचित हैं। योजना का उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति और अधूरी व्यवस्था के चलते ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।अधूरे काम के बावजूद एनओसी लेने का आरोपग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार रितेश केडिया द्वारा योजना का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन कई स्थानों पर आधा-अधूरा काम होने के बावजूद एनओसी लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पाइपलाइन बिछाने, घरों में नल कनेक्शन देने और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं होती, तब तक योजना को पूर्ण मानना उचित नहीं होगा।ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब कई मोहल्लों में निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ और कुछ स्थानों पर काम शुरू तक नहीं हुआ, तो आखिर किस आधार पर योजना को पूर्ण दर्शाने की तैयारी की जा रही है?कागजों में योजना, धरातल पर पानी का इंतजार!ग्रामीणों का कहना है कि कई मोहल्लों में न तो पाइपलाइन का कार्य पूरा हुआ है और न ही घरों तक नियमित पानी पहुंच रहा है। कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को योजना का लाभ मिलने का इंतजार है। ऐसे में जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अधिकारियों को पंचायत के सभी मोहल्लों का भौतिक सत्यापन कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि योजना के तहत कितना कार्य स्वीकृत हुआ, कितना पूरा किया गया और वास्तव में कितने परिवारों को नल के माध्यम से पानी मिल रहा है।ग्रामीणों की मांग—पहले पूरा हो काम, फिर मिले एनओसीग्रामीणों ने अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने, गुणवत्ता की जांच करने और पात्र परिवारों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि केवल कागजी प्रक्रिया पूरी कर योजना को सफल नहीं बताया जाना चाहिए, बल्कि इसकी सफलता का आकलन घरों तक पहुंच रहे पानी से होना चाहिए।अब देखना होगा कि संबंधित विभाग ग्रामीणों की शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और खिरटी पंचायत में जल जीवन मिशन की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए कब तक जांच और आवश्यक कार्रवाई करता है।
