
गुरसिया, पोड़ी और कोनकोना चौक पर सड़क में बैठ रहे मवेशी, राहगीरों की जान पर मंडरा रहा खतरा; दुर्घटना हुई तो जिम्मेदारी किसकी होगी?
कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत कई ग्राम पंचायतों में आवारा मवेशियों की देखरेख और संरक्षण के लिए गौधाम संचालित किए जा रहे हैं। इन गौधामों के संचालन पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद जमीनी स्थिति कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 पर गुरसिया, पोड़ी और कोनकोना चौक के आसपास बड़ी संख्या में आवारा मवेशी सड़क पर बैठते और विचरण करते नजर आते हैं। इसके कारण इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों, चारपहिया वाहन चालकों और अन्य राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
रात के समय सड़क पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को दूर से दिखाई नहीं देते। ऐसे में अचानक सामने मवेशी आने से गंभीर सड़क हादसा होने की आशंका बनी रहती है। यदि किसी वाहन की चपेट में आकर मवेशी की मौत होती है या कोई राहगीर गंभीर रूप से घायल होता है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?
गौधामों के संचालन पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि मवेशी राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुलेआम घूम रहे हैं, तो यह व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर गौधामों का संचालन किस उद्देश्य से किया जा रहा है और जिम्मेदार विभाग अपनी जिम्मेदारी क्यों नहीं निभा रहे हैं?
अब जरूरत है कि जिला प्रशासन, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायतों, पशुपालन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की संयुक्त टीम मौके पर निरीक्षण करे। सड़क पर बैठे मवेशियों को सुरक्षित गौधामों में पहुंचाने के साथ ही नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले इस समस्या का समाधान हो सके।
सवाल सिर्फ आवारा मवेशियों का नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये खर्च कर संचालित गौधामों की उपयोगिता और जवाबदेही का भी है। प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि NH-130 पर मवेशियों का जमावड़ा रोकने के लिए अब तक क्या कार्रवाई की गई है और दुर्घटना होने पर जिम्मेदारी किस अधिकारी या विभाग की होगी?
