
कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में बदहाल सड़कों को लेकर अब जनप्रतिनिधियों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। कोरबी से रानीअटारी एसईसीएल विजय वेस्ट तक पहुंच मार्ग की जर्जर हालत को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने एसईसीएल प्रबंधन और प्रशासन को सीधे तौर पर चेतावनी दी है। पार्टी ने 15 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत कराने की मांग उठाई है। मांग पूरी नहीं होने पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कोरबा जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने 10 नवंबर 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पोड़ी उपरोड़ा को लिखित आवेदन सौंपकर कोरबी से रानीअटारी एसईसीएल विजय वेस्ट तक पहुंच मार्ग की बदहाल स्थिति से अवगत कराया है।आवेदन में बताया गया है कि उक्त सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बावजूद इसके संबंधित प्रबंधन द्वारा मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
15 दिन का अल्टीमेटम, फिर सड़क पर उतरेगी गोंगपा
विद्वान सिंह मरकाम ने जनहित और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित एसईसीएल प्रबंधन को तत्काल निर्देशित कर 15 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से एसईसीएल विजय वेस्ट, रानीअटारी में तालाबंदी और स्टेट हाईवे पर चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगी।अब सवाल यह है कि आखिर सड़क की बदहाली दूर करने के लिए ग्रामीणों को आंदोलन की चेतावनी देने तक क्यों पहुंचना पड़ रहा है? क्या संबंधित एसईसीएल प्रबंधन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर ग्रामीणों की परेशानी उसके लिए कोई मायने नहीं रखती?
सड़क की मरम्मत को लेकर अब रानीअटारी एसईसीएल प्रबंधन विजय वेस्ट और प्रशासन के पाले में है। 15 दिनों की समय-सीमा के भीतर कार्रवाई होती है या फिर क्षेत्र में आंदोलन की स्थिति निर्मित होती है, यह आने वाला समय तय करेगा।
