
बरसात में छत से टपकता है पानी, इसी भवन में संचालित हो रही उचित मूल्य की दुकान; ग्रामीणों ने नए पंचायत भवन की उठाई मांग
पोंडी उपरोड़ा /सासिन। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सासिन का पंचायत भवन इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। भवन की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि छत का प्लास्टर जगह-जगह से झड़कर गिर रहा है। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने की समस्या भी बनी रहती है, जिससे पंचायत भवन में आने-जाने वाले ग्रामीणों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन की छत और अन्य हिस्से काफी कमजोर हो चुके हैं। छत का प्लास्टर अचानक गिरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब छत से पानी टपकता रहता है।एक ही जर्जर भवन में उचित मूल्य की दुकान भी संचालितसबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी पंचायत भवन में उचित मूल्य की दुकान का संचालन भी किया जा रहा है, जहां राशन लेने के लिए ग्रामीणों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यदि जर्जर छत या प्लास्टर का कोई हिस्सा अचानक गिरता है तो बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।ग्रामीणों ने बताया कि भवन की हालत देखकर हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि जब पंचायत भवन ही सुरक्षित नहीं है तो ग्रामीणों और पंचायत से जुड़े कार्यों के लिए यहां आना कितना सुरक्षित है, यह बड़ा सवाल है।ग्रामीणों की शासन-प्रशासन से गुहारग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत सासिन के लिए नए पंचायत भवन का निर्माण जल्द कराया जाए, ताकि पंचायत के कामकाज के साथ-साथ उचित मूल्य की दुकान में आने वाले ग्रामीणों और कर्मचारियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।अब देखना यह है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार करता है या समय रहते जर्जर पंचायत भवन की सुध लेकर आवश्यक कार्रवाई करता है। ग्रामीणों की मांग है कि मामले का तत्काल निरीक्षण कर भवन की सुरक्षा स्थिति की जांच कराई जाए और नए पंचायत भवन निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल की जाए।
