
।
कोरबा /बालको प्रबंधन से जुड़ी स्थानीय जनहित एवं श्रमिक हित की विभिन्न मांगों को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा 8 सितंबर 2026 को प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जिला प्रशासन की मध्यस्थता में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, बालको प्रबंधन और जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। बैठक में पार्टी द्वारा उठाए गए प्रमुख जनहित के मुद्दों एवं स्थानीय मांगों पर गंभीरता से चर्चा हुई।वार्ता के दौरान बालको प्रबंधन ने पार्टी की मांगों एवं स्थानीय जनहित से जुड़े विषयों पर एक माह के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद पार्टी ने 8 सितंबर को प्रस्तावित जन आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया है।एक माह में कार्रवाई नहीं हुई तो अक्टूबर में आंदोलन की चेतावनीगोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर जनहित की मांगों पर सार्थक एवं ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो अक्टूबर माह में आंदोलन किया जाएगा। पार्टी ने आगामी आंदोलन की सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन एवं बालको प्रबंधन की होने की बात कही है।पार्टी ने अपने सभी पदाधिकारियों, सक्रिय कार्यकर्ताओं, श्रमिक बंधुओं तथा क्षेत्र की जागरूक जनता से अपील की है कि फिलहाल प्रस्तावित 8 सितंबर के आंदोलन को स्थगित मानते हुए आगे की कार्रवाई के लिए तैयार रहें।अब निगाहें बालको प्रबंधन की ओर हैं कि एक माह के भीतर दिए गए आश्वासन पर कितना अमल होता है।
