
मोरगा/पोड़ी उपरोड़ा। हॉली क्रास पब्लिक स्कूल मोरगा (मिशन स्कूल) में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पालकों, विद्यार्थियों एवं युवा शक्ति की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विदवान सिंह मरकाम, जिलाध्यक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एवं जिला पंचायत सदस्य कोरबा की गरिमामयी उपस्थिति में केक काटकर किया गया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को साड़ी तथा पेंट-शर्ट भेंटकर सम्मानित किया गया। शिक्षकों के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव – विदवान सिंह मरकाममुख्य अतिथि विदवान सिंह मरकाम ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण करते हैं। एक अच्छे शिक्षक की भूमिका समाज और राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों का सम्मान करते हुए उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।उन्होंने विद्यालय परिवार को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने में शिक्षकों का योगदान सराहनीय है।शिक्षकों का सम्मान हमारी संस्कृति का हिस्सा – कुलदीप सिंह मरकामकार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि पाली-तानाखार कुलदीप सिंह मरकाम ने कहा कि शिक्षक हमारे जीवन के ऐसे मार्गदर्शक हैं, जो अज्ञानता से ज्ञान की ओर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को हमेशा अपने गुरुजनों के प्रति आदर और कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए।उन्होंने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी – सुनील कुमार अग्रवालविधायक प्रतिनिधि शिक्षा विभाग पोड़ी उपरोड़ा सुनील कुमार अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा देने का कार्य करते हैं और उनके मार्गदर्शन से ही बच्चे भविष्य में समाज के जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।उन्होंने शिक्षक दिवस के आयोजन की सराहना करते हुए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर राजू सिंह मरपच्ची, रामचंद्र मरकाम, राम कृष्ण श्याम, चैन सिंह नेटी सहित गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी, संस्था के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण, जनप्रतिनिधि, युवा शक्ति, युवती शक्ति तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के सम्मान एवं विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के संदेश के साथ हुआ।
