
पोड़ी उपरोड़ा (कोरबा)। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत कोनकोना फीडर से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश के मौसम में कई दिनों से बिजली की आंख-मिचौली जारी है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में रात-रात भर बिजली गुल रहने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। इस समय सालियाभाटा क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की सूचना भी ग्रामीणों द्वारा दी जा रही है। वहीं अंधेरे के कारण सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा भी बना हुआ है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। बिजली नहीं रहने के कारण मोटर पंप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि जब भी बिजली विभाग के कर्मचारियों से संपर्क किया जाता है, तो हर बार “10 मिनट में बिजली आ जाएगी” कहकर आश्वासन दिया जाता है, लेकिन लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं हो पाती।ग्रामीणों ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि कोनकोना फीडर की बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को राहत मिल सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
