Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / कोरबा / नेटवर्क की बदहाली से उचित मूल्य की दुकान का संचालन प्रभावित, महीनों से परेशान हो रहे संचालक

नेटवर्क की बदहाली से उचित मूल्य की दुकान का संचालन प्रभावित, महीनों से परेशान हो रहे संचालक

ऐतमानगर में Jio नेटवर्क नदारद, कमजोर BSNL नेटवर्क के भरोसे राशन वितरण व्यवस्था

कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत ऐतमानगर में मोबाइल नेटवर्क की बदहाल स्थिति अब सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संचालन में बड़ी बाधा बन रही है। गांव में Jio का नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने के कारण उचित मूल्य की दुकान का संचालन पूरी तरह BSNL नेटवर्क पर निर्भर है, लेकिन पिछले कई महीनों से BSNL का नेटवर्क भी बेहद कमजोर होने के चलते राशन वितरण कार्य प्रभावित हो रहा है।

उचित मूल्य की दुकान संचालक के अनुसार नेटवर्क की समस्या के कारण ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार नेटवर्क नहीं मिलने या कमजोर रहने से हितग्राहियों को राशन वितरण के लिए इंतजार करना पड़ता है। इससे दुकान संचालक के साथ-साथ राशन लेने पहुंचने वाले ग्रामीणों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

विडंबना यह है कि डिजिटल व्यवस्था के तहत राशन वितरण की जिम्मेदारी तो दी गई है, लेकिन गांव में बेहतर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब गांव में मोबाइल नेटवर्क ही सुचारु नहीं है, तो ऑनलाइन राशन वितरण व्यवस्था का संचालन आखिर कैसे होगा?

अब जरूरत है कि संबंधित दूरसंचार विभाग और प्रशासन ग्राम पंचायत ऐतमानगर में नेटवर्क समस्या का संज्ञान लेकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि उचित मूल्य की दुकान का संचालन सुचारु हो और ग्रामीणों को समय पर राशन मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *