
आरोपी अभिषेक उर्फ पिंकू माहेश्वरी से तत्काल पूछताछ की मांग, जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
कोरबा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के युवा मोर्चा प्रदेश सचिव एवं विधि छात्र मनोज कुमार मरावी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला गरमा गया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर गोंगपा ने कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने आरोपी अभिषेक उर्फ पिंकू माहेश्वरी से तत्काल पूछताछ कर निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गोंगपा जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने कहा कि किसी को जान से मारने की धमकी देना और डराने का प्रयास करना गंभीर मामला है। कानून से ऊपर कोई नहीं है। यदि किसी व्यक्ति को इस तरह धमकाया गया है, तो पुलिस प्रशासन को बिना किसी दबाव के तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि मामले से जुड़े साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर आरोपी की भूमिका की जांच की जाए। आवश्यकता के अनुसार वैधानिक पूछताछ एवं अन्य कानूनी प्रक्रिया अपनाकर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाए।
कार्रवाई नहीं तो थाने का घेराव, सड़क पर उतरेगी गोंगपा!
विद्वान सिंह मरकाम ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की, तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित थाने का घेराव किया जाएगा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ता की सुरक्षा और न्याय के सवाल पर पीछे नहीं हटेगी। धमकी जैसे गंभीर मामलों में पुलिस की चुप्पी या लापरवाही से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ सकते हैं। इसलिए मामले में निष्पक्ष जांच और समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।
अब पुलिस प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल
इस मामले में अब निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। क्या पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की वास्तविकता सामने लाएगी? क्या शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई होगी? फिलहाल गोंगपा ने स्पष्ट कर दिया है कि न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।विद्वान सिंह मरकाम ने दोहराया कि पार्टी न्याय की मांग कर रही है और पुलिस प्रशासन को बिना देरी मामले में उचित कदम उठाने चाहिए।

