जिले में लगातार हो रही वर्षा से नदी-नाले और पुल-पुलिया उफान पर हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित है। ऐसे ही हालात के बीच वनांचल लेमरू थाना क्षेत्र में उफनते सांचर नाला को पार करने का प्रयास एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। ग्राम नकिया निवासी राहुल कुमार मंझवार 28 वर्ष तेज बहाव में बाइक समेत बह गया। करीब 12 घंटे की तलाश के बाद बुधवार की सुबह उसका शव घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला।
