
कोनकोना (बरौदखार ) में सड़क किनारे भवन निर्माण को लेकर उठा विवाद, शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर को भी सौंपी

पोड़ी उपरोड़ा। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोनकोना (बरौदखार ) में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के किनारे कथित अवैध भवन निर्माण का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम कोनकोना निवासी मूलचंद, पिता कौशल प्रसाद ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी उपरोड़ा को लिखित शिकायत सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने की मांग की है।शिकायतकर्ता के अनुसार, गुरसियां निवासी चंदन अग्रवाल द्वारा कोनकोना (बरौदखार ) में एनएच-130 सड़क किनारे कथित रूप से अवैध तरीके से भवन निर्माण कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने इस निर्माण पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने और निर्माण कार्य रुकवाने का आग्रह किया है।मूलचंद ने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से मांग की है कि मामले की जांच कराई जाए तथा यदि निर्माण नियमों के विपरीत पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। आवेदन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर कोरबा को भी सूचनार्थ भेजी गई है।अब प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर टिकी निगाहेंराष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे भवन निर्माण को लेकर उठी इस शिकायत ने स्थानीय स्तर पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि राजस्व विभाग और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर निर्माण की वैधानिकता की जांच करते हैं या नहीं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्धारित नियमों और सीमा का उल्लंघन कर किया जा रहा है, तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी? फिलहाल शिकायत के बाद प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार है।
