कांग्रेस नेताओं पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान गुरुवार को राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला लेकर भाग गए। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी, धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति बन गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संबंधित भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर थाने में धरना शुरू कर दिया, जो देर रात तक जारी रहा।
पुतला लेकर भागने पर शुरू हुआ विवाद
कांग्रेस नेताओं के अनुसार पुराने बस स्टैंड पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन कार्यक्रम तय था। कार्यकर्ता प्रदर्शन की तैयारी में जुटे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता अमीर खान कथित रूप से प्रदर्शन स्थल पर खड़े वाहन से पुतला उठाकर भाग गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
