
पोड़ी उपरोड़ा | कोरबा। रेलवे कॉरिडोर निर्माण के नाम पर मिट्टी परिवहन का मामला अब सवालों के घेरे में है। पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र के गुरसिया रोड जटगा स्थित तान नदी पुल के साइड भराई कार्य के लिए घुमानीडांड से बड़े पैमाने पर मिट्टी लाए जाने की जानकारी सामने आई है। लेकिन मिट्टी कहां से निकाली जा रही है, किसकी जमीन से उत्खनन हो रहा है और इसके लिए राजस्व विभाग से विधिवत अनुमति ली गई है या नहीं, इन सवालों का स्पष्ट जवाब अब तक सामने नहीं आया है।मामले में त्रिवेणी कंपनी के मैनेजर अनूप जायसवाल से अनुमति संबंधी जानकारी मांगी गई, लेकिन अनुमति के दस्तावेजों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या निर्माण एजेंसी मिट्टी परिवहन के लिए आवश्यक राजस्व नियमों का पालन कर रही है?नियमानुसार जहां आवश्यक हो, मिट्टी उत्खनन, परिवहन और रॉयल्टी से संबंधित अनुमति एवं अभिलेखों की जांच की जानी चाहिए। यदि वैध अनुमति लेकर मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है तो कंपनी को संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। वहीं, बिना आवश्यक अनुमति उत्खनन किए जाने की पुष्टि होती है तो जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।सबसे बड़ा सवाल राजस्व विभाग की निगरानी पर है। क्या विभाग को घुमानीडांड से मिट्टी निकाले जाने की जानकारी है? उत्खनन स्थल का निरीक्षण हुआ है या नहीं? कितनी मात्रा में मिट्टी निकाली और परिवहन की गई? क्या शासन को निर्धारित रॉयल्टी प्राप्त हो रही है?रेलवे कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के नाम पर राजस्व नियमों की अनदेखी की छूट नहीं दी जा सकती। अब देखना होगा कि राजस्व विभाग इस मामले में जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाता है या फिर मिट्टी का यह खेल जिम्मेदारों की निगरानी के बिना जारी रहता है।सीधा सवाल: घुमानीडांड से उठ रही मिट्टी की अनुमति कहां है और राजस्व विभाग इसकी जांच कब करेगा?
