
पोड़ी उपरोड़ा :- मिनीमाता बांगो बांध क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क की खराब हालत को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है, लगातार बारिश के बीच सड़क पर कीचड़ और जगह जगह बने गड्ढों से परेशान ग्रामीणों ने मार्ग पर बैठकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।ग्रामीणों ने बताया यह सड़क लंबे समय से जर्जर है। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को आवाजाही में काफी परेशानी होती है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों, एम्बुलेंस और ग्रामीणों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का दावा है कि खराब सड़क के कारण कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं।मिट्टी डालकर खानापूर्ति का आरोपग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क के गड्ढों को स्थायी रूप से सुधारने के बजाय कई बार केवल मिट्टी डाल दी जाती है। बारिश होने के बाद मिट्टी बह जाती है और सड़क पहले जैसी खराब हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है और बांगो बांध क्षेत्र में आने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है। बांध क्षेत्र में बाहर से पर्यटक भी पहुंचते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण क्षेत्र की छवि प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन मे जनपद सदस्य आयुष सिंह मौजूद रहें उन्होंने मौजूदा हालात को बताया, और आने वाले दिनों मे बड़े आंदोलन की बात कही ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क निर्माण या मरम्मत का काम जल्द शुरू नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि अब केवल अस्थायी मरम्मत नहीं, बल्कि सड़क का स्थायी समाधान जरूरी है।
