
कोरबा, 04 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग की जिला स्तरीय टीम ने कटघोरा एवं पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में कृषि आदान विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान स्टॉक, मूल्य सूची, बिक्री रजिस्टर, लाइसेंस और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। अनियमितता मिलने पर सर्वमंगला खाद भंडार बाकी मोगरा सहित सोनी कृषि केंद्र, शिव बीज भंडार और अंसारी कृषि केंद्र कसनियां को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।


वहीं सोनी कृषि केंद्र, शिव बीज भंडार और अंसारी कृषि केंद्र को दो कार्यदिवस के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। सुधार नहीं होने पर विक्रय लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।सबसे बड़ी कार्रवाई महेश राम कृषि केंद्र, रंजना के खिलाफ हुई, जहां मिली खामियों को गंभीर मानते हुए कीटनाशकों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया।कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़, कालाबाजारी, ओवर-रेटिंग और अनियमित बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
