
तुमान/ जटगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरबसपुर में आज उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे स्थित तालाब में एक बुजुर्ग का शव तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बरबसपुर निवासी कार्तिक राम के रूप में हुई है। बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर तालाब में तैरते शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना जटगा चौकी पुलिस को दी।सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी भीमसेन यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल बुजुर्ग की मौत तालाब में डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की संभावना है।
